गश्त पर निकले वनरक्षक पर भालू का हमला
बुटाई बीट में हुई घटना; वनरक्षक के हाथ और पैर पर भालू ने किया हमला
अर्जुनी मोरगांव : वन परिक्षेत्र कार्यालय के अंतर्गत आने वाले बुटाई कैंप क्षेत्र के भाग-2 वन बीट में गश्त के दौरान एक भालू ने वनरक्षक पर हमला कर दिया। इस हमले में वनरक्षक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना बुधवार, 18 नवंबर की सुबह करीब 9 बजे की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घायल वनरक्षक की पहचान सतीश देवराम शेंडे (34) के रूप में हुई है। वे बुटाई भाग-2 बीट के कक्ष क्रमांक 318 में बुधवार सुबह करीब 7 बजे गश्त के लिए अपनी दोपहिया वाहन से अकेले निकले थे। इस दौरान उनके साथ कोई वनमजदूर मौजूद नहीं था। 
जंगल के पगडंडी रास्ते से दोपहिया वाहन लेकर गुजरते समय अचानक एक भालू ने उन पर हमला कर दिया। भालू ने उन्हें वाहन से नीचे गिरा दिया। हमले से बचने का प्रयास करते समय भालू ने उनके बाएं हाथ की कलाई और दाएं पैर की जांघ पर पंजों से हमला कर काट लिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
इसके बावजूद वनरक्षक शेंडे ने हिम्मत नहीं हारी और किसी तरह वहां से निकलकर सुरक्षित स्थान तक पहुंचे। इसके बाद उन्होंने मोबाइल फोन के माध्यम से वरिष्ठ अधिकारियों से संपर्क कर घटना की जानकारी दी। 
सूचना मिलते ही वन परिक्षेत्र अधिकारी राजेंद्र बहुरे अपने सहयोगियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और घायल वनरक्षक को तत्काल स्थानीय ग्रामीण अस्पताल में भर्ती कराया। समय पर उपचार मिलने से संभावित खतरा टल गया।
जंगल क्षेत्र में वन्यप्राणियों के हमलों की बढ़ती घटनाओं ने वन कर्मचारियों की सुरक्षा का सवाल खड़ा कर दिया है। अब वनकर्मी भी वन्यप्राणियों के हमलों की चपेट में आ रहे हैं, जिससे जंगल में गश्त करने वाले कर्मचारियों की सुरक्षा व्यवस्था पर ध्यान देना आवश्यक हो गया है।
